चंडीगढ़, 5 सितंबर
चार दिन की बारिश के बाद 4 सितंबर दिन गुरुवार को चंडीगढ़ प्रीमियर लीग फिर से शुरू हुई। लेकिन सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चंडीगढ़ किंग्स और डॉ. मोरपेन डैज़लर्स के बीच का मुकाबला बारिश की वजह से अधूरा ही रहा और मैच रद्द करना पड़ा।
टॉस जीतकर डॉ. मोरपेन डैज़लर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। निर्धारित 16 ओवरों के मैच में चंडीगढ़ किंग्स ने शुरुआती झटकों के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 181/4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम एक समय 41/3 पर संघर्ष कर रही थी, लेकिन इसके बाद सयम सैनी ने 35 गेंदों पर 66 रन (3 चौके, 5 छक्के) की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं कुनाल महाजन ने 32 गेंदों पर 55 रन (3 चौके, 4 छक्के) जड़कर टीम को संभाला। अंतिम ओवरों में रमन बिश्नोई ने सिर्फ 5 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाकर आतिशी पारी खेली। गेंदबाज़ी में डैज़लर्स की ओर से चिरागवीर धिन्डसा (2/26) सबसे सफल रहे।
दिन का दूसरा मुकाबला पंचकूला बैशर्स और तलनोआ टाइगर्स के बीच होना था, लेकिन वह भी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।
शुक्रवार को पहले मैच में पंचकूला बैशर्स का सामना अल्ट्रूइस्टियंस से होगा जबकि कैपिटल स्ट्राइकर्स और तालानोआ टाइगर्स के बीच मुकाबला होगा।



