– अयोध्या और काशी यात्रा के अनुभव किए साझा
चंड़ीगढ़, 8 सितंबर
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश सह-प्रभारी संजन टंडन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और काशी विश्वनाथ धाम की अपनी हालिया सफल यात्रा के अनुभव साझा किए और प्रदेश में चल रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
टंडन ने मुख्यमंत्री योगी को बताया कि किस तरह उनके पिता जी ने 2015 में अयोध्या यात्रा के दौरान राम जन्मभूमि पर जाकर भावुकता व्यक्त की थी। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्यपाल रहते हुए पिता जी ने कहा था, “भगवान ने हमें महलों में बिठा दिया है और प्रभु श्रीराम स्वयं टेंट में रह रहे हैं” और यह कहते हुए उनकी आँखें नम हो गई थीं। संजन टंडन ने कहा कि आज जब भव्य राम मंदिर निर्माण और अयोध्या नगरी के ऐतिहासिक विकास कार्य प्रगति पर हैं, तो यह पूरे देशवासियों के लिए गौरव और आस्था का विषय है।
भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। टंडन ने मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि बुनियादी ढांचे, धार्मिक पर्यटन, निवेश और रोजगार सृजन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आने वाले वर्षों में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी टंडन के विचारों का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं और योजनाओं की जानकारी साझा की।
भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए यह भेंट प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है। अयोध्या और काशी जैसे तीर्थस्थलों का पुनर्निर्माण न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है बल्कि सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।



