नई दिल्ली, 11 सितम्बर
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, त्रिची, कोझिकोड और अमृतसर हवाईअड्डे पर फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह सचिव और आसूचना ब्यूरो के निदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित
इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि इस सुविधा से न सिर्फ प्रवासियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि हमें देश में होने वाले परिवर्तनों से उनका परिचय कराने का भी मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के स्वप्न – स्पीड, स्केल और स्कोप – को इस प्रोग्राम में समाहित कर प्रवासियों की सुविधा को बढ़ाने के प्रयास का अगला चरण आज से शुरू हो रहा है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमेशा इस बात पर बल दिया है कि तकनीकी टूल्स के साथ-साथ हमें एक ट्रस्ट मल्टीप्लायर का काम भी करना चाहिए और आज का कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री अमित शाह ने कहा कि फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) के साथ आज से हवाईअड्डों पर सीमलैस इमीग्रेशन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ सुविधा देने से हमारा उद्देश्य पूरा नहीं होगा बल्कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि अधिक से अधिक यात्रियों को इसका फायदा मिले। इसके लिए पासपोर्ट और OCI कार्ड जारी करते समय ही हमें रजिस्ट्रेशन करने की संभावना पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर हम ऐसा कर सकते हैं तो यात्रियों को दोबारा फिंगरप्रिंट और दस्तावेज़ों के लिए आने की ज़रूरत नहीं रहेगी और वे जब भी यात्रा करना चाहें तो पासपोर्ट का उपयोग कर जा सकेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि इस बारे में सभी तकनीकी संभावनाओं को तलाश कर हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अधिकतम लोगों को इसका फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय नागरिकों के साथ-साथ ओसीआई कार्डधारकों को भी फायदा होगा।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) सुविधा और राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि 2024 में दिल्ली से इस प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ और उसके बाद मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, कोचीन और अहमदाबाद हवाईअड्डे इसमें शामिल हुए और आज 5 नए हवाई अड्डे इसमें जुड़ रहे हैं। श्री शाह ने कहा कि इस प्रकार कुल 13 हवाईअड्डों पर एकसाथ यह प्रक्रिया सुविधा शुरू हो रही है।
उन्होंने कहा कि नवी मुंबई और जेवर हवाईअड्डे बनने के साथ ही इस प्रोग्राम के साथ जोड़ने की योजना गृह मंत्रालय ने बनाई है। श्री शाह ने कहा कि अभी तक जितने लोगों ने इस सुविधा का उपयोग किया है उन्होंने इसकी प्रशंसा की है। अब यात्रियों को लंबी लाइन, मैनुअल चेकिंग और बिना देरी के मात्र 30 सेकंड्स में इमीग्रेशन क्लीयरेंस मिल जाता है। उन्होंने कहा कि अब तक लगभग 3 लाख यात्रियों ने इस पोर्टल पर पंजीकरण किया है, जिनमें से 2 लाख 65 हज़ार यात्रियों ने यात्रा के समय इसका उपयोग किया है और हमें इस संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी के प्रयास करने चाहिए।



